Jamshedpur News : पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास और सांसद विद्युत वरण महतो ने सेवा शिविर में लिया हिस्सा, झारखंडवासियों से पीएम मोदी के स्वास्थ्य और दीर्घायु के लिए घरों में ‘एक दीया’ जलाने की अपील
Jamshedpur News : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर जमशेदपुर में सेवा और जनकल्याण से जुड़े कई कार्यक्रम आयोजित किए गए। खासमहल स्थित सदर अस्पताल में हेल्प क्रॉस सोसाइटी और भगवान महावीर विकलांग सहायता समिति की ओर से सेवा शिविर लगाया गया, जहां जरूरतमंद दिव्यांगजनों को कृत्रिम अंग, हियरिंग मशीन, व्हीलचेयर और ट्राइसाइकिल समेत विभिन्न सहायक उपकरण वितरित किए गए। कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास और जमशेदपुर सांसद विद्युत वरण महतो शामिल हुए।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर जमशेदपुर में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इसी कड़ी में गुरूवार को खासमहल स्थित सदर अस्पताल में हेल्प क्रॉस सोसाइटी और भगवान महावीर विकलांग सहायता समिति के संयुक्त तत्वावधान में एक विशेष सेवा शिविर लगाया गया। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास और जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो ने शिरकत की। इस दौरान दर्जनों जरूरतमंद दिव्यांगजनों को कृत्रिम अंग, हियरिंग मशीन, व्हीलचेयर और ट्राइसाइकिल सहित अन्य सहायता सामग्री वितरित की गई।
इस दौरान पत्रकारों से बातचीत करते हुए पूर्व सीएम रघुवर दास और सांसद विद्युत वरण महतो ने प्रधानमंत्री मोदी को ‘कर्मयोगी’ और ‘युगपुरुष’ की संज्ञा दी। दोनों वरिष्ठ नेताओं ने झारखंड की जनता से विशेष अपील की कि वे प्रधानमंत्री के उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु होने की कामना के लिए आज रात अपने-अपने घरों में आशीर्वाद स्वरूप एक दीया अवश्य जलाएं।
नेताओं ने प्रधानमंत्री के राजनीतिक सफर की सराहना करते हुए कहा कि एक निर्वाचित मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में अपने 25 वर्षों के बेदाग कार्यकाल में नरेंद्र मोदी ने अपना हर पल ‘मां भारती’ और देश के 140 करोड़ नागरिकों की सेवा में समर्पित किया है। उन्होंने देश की आर्थिक प्रगति को रेखांकित करते हुए कहा कि जिस ब्रिटेन ने हम पर 200 साल तक राज किया, उसे पछाड़कर भारत आज दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है और तेजी से तीसरी सबसे बड़ी आर्थिक शक्ति बनने की ओर अग्रसर है।केंद्र की कल्याणकारी योजनाओं का जिक्र करते हुए नेताओं ने कहा कि 2023 में पीएम के जन्मदिन पर ही शुरू की गई ‘पीएम विश्वकर्मा योजना’ से कुम्हार, बढ़ई और विश्वकर्मा समाज के अन्य कारीगरों का उत्थान हुआ है। इसके साथ ही उन्होंने गर्व के साथ याद दिलाया कि दुनिया की सबसे बड़ी स्वास्थ्य बीमा योजना ‘आयुष्मान भारत’ की ऐतिहासिक शुरुआत भी झारखंड की धरती से ही हुई थी, जिसकी बदौलत आज देश का कोई भी गरीब व्यक्ति किसी भी कोने में गंभीर बीमारियों का मुफ्त इलाज करा पा रहा है।










