Jamshedpur News : झारखंड के जमशेदपुर जिले के पोटका थाना क्षेत्र में चोरी की एक घटना सामने आई है। हाता स्थित साईं मंदिर के समीप चोरों ने एक गोदाम को निशाना बनाते हुए करीब 30 पेटी रेड बुल कोल्ड ड्रिंक पर हाथ साफ कर दिया।
Jamshedpur News : चोरी हुए सामान की अनुमानित कीमत लगभग 72 हजार रुपये बताई जा रही है। घटना के बाद पीड़ित दुकानदार ने पुलिस को इसकी सूचना दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित दुकानदार विजय माहेश्वरी और उनके पुत्र गर्वित माहेश्वरी ने बताया कि चोरों ने रात के समय इस घटना को अंजाम दिया। चोरों ने सबसे पहले गोदाम के दरवाजे पर लगे ताले और सिक्कड़ को काटा और अंदर प्रवेश किया। इसके बाद गोदाम में रखी रेड बुल कोल्ड ड्रिंक की 30 पेटियां चोरी कर लीं।
बताया जा रहा है कि चोरी की वारदात को अंजाम देने के बाद चोर गोदाम के पिछले दरवाजे से बाहर निकल गए। सुबह जब दुकानदार को घटना की जानकारी मिली तो उन्होंने गोदाम की स्थिति देखकर चोरी होने का पता लगाया। इसके बाद स्थानीय पुलिस को मामले की सूचना दी गई।
इस घटना से आसपास के दुकानदारों में भी चिंता का माहौल है। व्यवसायियों का कहना है कि इस तरह की घटनाओं से व्यापारियों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है। फिलहाल चोरी की इस घटना को लेकर पुलिस को सूचना दी गई है। अब देखना होगा कि पुलिस जांच में चोरों की पहचान कर चोरी हुए सामान की बरामदगी कब तक कर पाती है।










