साकची रामलीला मैदान में हुआ रावण जन्म और राम जन्म का मंचन

जमशेदपुर। साकची स्थित रामलीला मैदान में श्री श्री रामलीला उत्सव समिति के तत्वावधान में सोमवार की रात भव्य रामलीला का मंचन किया गया। आज के प्रसंग में रावण जन्म और राम जन्म की कथाओं का मंचन प्रस्तुत किया गया। रावण के किरदार को गोविंद मिश्रा ने जीवंत कर दिया, वहीं भगवान श्रीराम की भूमिका में राहुल तिवारी ने दर्शकों का मन मोह लिया।

मंचन के दौरान दिखाया गया कि किस प्रकार रावण, कुंभकर्ण और विभीषण ने कठोर तपस्या कर ब्रह्मा जी को प्रसन्न किया। ब्रह्मा जी ने उन्हें वरदान दिया, जिसके बाद रावण ने अपना अक्रामक रूप धारण कर तीनों लोकों पर विजय प्राप्त की। वरदान के प्रभाव से वह असुरों का स्वामी और देवताओं के लिए संकट का कारण बन गया। रावण के अत्याचारों से समस्त लोक भयभीत हो उठे और चारों ओर त्राहि-त्राहि मच गई। तब देवताओं ने भगवान विष्णु से प्रार्थना की कि वे इस संकट से उन्हें मुक्ति दिलाएँ।

इसके बाद राम जन्म का दृश्य प्रस्तुत किया गया। कथा में दिखाया गया कि अयोध्या नरेश राजा दशरथ को पुत्र प्राप्ति के लिए यज्ञ कराया गया, जिसके फलस्वरूप माता कौशल्या ने श्रीराम को जन्म दिया। जन्म का दृश्य मंच पर अत्यंत भव्य रहा। भगवान राम के जन्म के समय पूरा मैदान जयघोष और भक्ति गीतों से गूंज उठा। कलाकारों ने इस प्रसंग को भावपूर्ण अभिनय और संवादों के माध्यम से जीवंत कर दिया।

रामलीला मैदान में सोमवार की रात दर्शकों की भारी भीड़ उमड़ी। बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग सभी श्रद्धा और उत्साह के साथ कथा का आनंद लेते रहे। मंचन के बीच-बीच में भजन और रामचरितमानस की चौपाइयों का गायन भी किया गया, जिसने वातावरण को भक्तिमय बना दिया।

आगे के प्रसंग
समिति ने बताया कि आगामी दिनों में राम-लक्ष्मण-भरत-शत्रुघ्न का जन्म, विश्वामित्र आश्रम गमन और ताड़का वध जैसे प्रसंगों का मंचन किया जाएगा। आयोजकों ने लोगों से प्रतिदिन अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस धार्मिक आयोजन का हिस्सा बनने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *