Rath Yatra : भगवान जगन्नाथ, बड़े भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा 15 दिनों के एकांतवास के बाद बुधवार को गर्भगृह से बाहर आकर भक्तों को दर्शन देंगे। इस पावन अवसर को लेकर रांची के धुर्वा स्थित जगन्नाथ मंदिर में विशेष तैयारियां की गई हैं। मंदिर परिसर को आकर्षक विद्युत सज्जा और रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया गया है, जिसकी मनमोहक छटा श्रद्धालुओं का ध्यान अपनी ओर खींच रही है।
मंदिर प्रशासन के अनुसार दर्शन के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क है। भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा के दर्शन के लिए भक्तों में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है और पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर है।










